बैठक के दौरान वार्ड क्रमांक 39 की पार्षद कृष्णा वीरेंद्र नागर अचानक बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल सीएमओ के वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया। इस घटना के कारण बैठक कुछ समय के लिए बाधित हुई।
अतिक्रमण हटाओ दस्ते पर वसूली के आरोप बैठक में भाजपा पार्षद प्रदीप शर्मा ने नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ दस्ते पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दस्ते के प्रभारी अशोक खरे पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया। अशोक खरे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "विभाग का काम ही ऐसा है, कुछ तो लोग कहेंगे।"
अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने ट्रांसपोर्ट नगर की दुकानों को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन ट्रांसपोर्ट नगर की दुकानों को लीज पर नहीं दिया जाएगा। इसके बजाय, इन दुकानों को सीधे बेचा जाएगा और प्राप्त राशि का उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा।
दुकानों को लीज पर देने पर भी असहमति
साधारण सभा में कुल 21 बिंदुओं पर चर्चा हुई। पार्षदों ने बिंदु क्रमांक 1, 2, 9, 14, 18 और 19 पर असहमति जताई। इन प्रस्तावों में नवीन बस स्टैंड पर बस संचालन और वसूली ठेका, बाजार बैठक एवं मंडी ठेका, नगर पालिका परिसर में निर्माण कार्य, हाईमास्ट लाइट, तथा बांसखेड़ी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंड और दुकानों को लीज पर देने से संबंधित विषय शामिल थे।
वहीं शेष बिंदुओं पर सदन में सहमति बनी। इनमें ई-नीलामी से संबंधित निर्णय, मूर्तियों की स्थापना, नाला निर्माण, पीएम स्वनिधि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े प्रस्ताव, नगर पालिका भवन निर्माण, स्ट्रीट लाइट खरीदी, ट्रांसपोर्ट नगर में विकास कार्य, तालाब और पार्कों के नामकरण सहित अन्य विकास प्रस्ताव शामिल हैं।