181 शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं, शिकायत कटवाई:FIR के आश्वासन पर मामला टाला:महिला को जहर पिलाने का आरोप

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र के भाटी गांव में एक महिला को कथित तौर पर जहर पिलाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 181 सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

पीड़िता के पति लल्लू लोधी ने बताया कि उनका पड़ोसी बाबा और पप्पू लोधी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी को रास्ते में रोकने की घटना के बाद उन्होंने लुकवासा चौकी में शिकायत की थी, लेकिन कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई।

इसके बाद लल्लू लोधी ने 181 सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि चौकी पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उनसे 181 की शिकायत कटवा दी। हालांकि, शिकायत वापस लेने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।

पति बोला- महिलाओं ने जबरन जहर पिलाया

इसी बीच, शुक्रवार शाम कथित तौर पर आरोपी पक्ष की महिलाओं ने घर में घुसकर उनकी पत्नी को जहरीला पदार्थ पिला दिया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन पहले लुकवासा चौकी पहुंचे, फिर कोलारस स्वास्थ्य केंद्र और थाना के बीच भटकते रहे। अंततः महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस मामले में लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जानकारी लेकर महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)