सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक महिला से कट्टे की नोक पर लूट की वारदात हुई। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने महिला और उसके जेठ को रोककर सोने के जेवरात लूटे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवा में फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिनारा थाना क्षेत्र के गोरा गांव निवासी रीना यादव (पत्नी आशाराम यादव) अपने जेठ जानकी प्रसाद यादव के साथ बाइक से मायके रेवई गांव जा रही थीं। शाम करीब 5 बजे वे पिछोर थाना क्षेत्र के बलदेवपुर और जुंगीपुर गांव के बीच पहुंचे।
ओवरटेक कर सड़क पर रोका
इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। रीना यादव ने बताया कि तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और दो के पास कट्टे थे।
बदमाशों ने पहले हवा में एक फायर किया, जिससे रीना और उनके जेठ दहशत में आ गए। इसके बाद बदमाशों ने जेठ जानकी प्रसाद यादव को गोली मारने की धमकी दी। दो बदमाशों ने उन पर कट्टा तान दिया।
हवाई फायर कर धमकाया
तीसरे बदमाश ने रीना यादव के गले से सोने का लौंग हार, एक अन्य हार और मंगलसूत्र छीन लिया। बदमाशों ने उनके कानों से झुमकी भी जबरन खींच ली, जिससे उनके कान से खून निकलने लगा। रीना यादव के अनुसार, लूटे गए जेवरात में उनकी बहू का एक सोने का हार भी शामिल था, जिसे वह पहनकर मायके जा रही थीं।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। रीना यादव ने बताया कि भागते वक्त एक बदमाश के चेहरे से नकाब हट गया था, जिसे वह सामने आने पर पहचान सकती हैं। पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।