सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-46 पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैला देवी वेयरहाउस के सामने एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर खड़े चार गौवंश को टक्कर मार दी। हादसे में चारों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौवंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
50 से अधिक गौवंश की मौत
बताया जा रहा है कि एनएच-46 पर इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर अब तक 50 से अधिक गौवंश की मौत हो चुकी है। कई बार वाहन चालक भी घायल हुए हैं और उनके वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
गौसेवकों और ग्रामीणों ने घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि हाईवे पर आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। क्षेत्र में पर्याप्त गौशालाएं नहीं हैं और न ही मवेशियों को सड़क पर आने से रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम हैं।
लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।