प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियदर्शिनी कॉलोनी में लंगूरों का एक झुंड पहुंचा था। इसी दौरान, लगभग 10 से 15 आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। कुत्तों ने एक लंगूर को पकड़कर बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह लहूलुहान हो गया। लंगूर की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे।
रहवासी नेपाल सिंह बघेल ने साहस दिखाते हुए कुत्तों के झुंड को खदेड़ा और घायल लंगूर को बचाया। तत्काल ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जाल की सहायता से घायल लंगूर को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग उसे अपने साथ ले गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि लंगूर के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उसे निगरानी में रखा जाएगा।