सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिजिटल अरेस्ट और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस गिरोह ने अब तक करीब 1 करोड़ रुपए की साइबर ठगी को अंजाम दिया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना और डीआईजी अमित सांघी के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार की टीम की कार्रवाई
एसडीओपी प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में 15 मार्च को मिली मुखबिर सूचना पर पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने पुलिस टीम के साथ ग्राम कछौआ के जंगल में दबिश दी। यहां कुछ लोग खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठ रहे थे।
पुलिस टीम ने मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार आरोपियों में
ठाकुरदास पुत्र जहार सिंह लोधी (निवासी ग्राम पारेश्वर)
चंद्रशेखर पुत्र केशव सिंह लोधी (निवासी ग्राम पारेश्वर)
भोला उर्फ भोलू पुत्र सबरजीत लोधी (निवासी ग्राम छितीपुर)शामिल हैं।
वहीं अचेन्द्र, दशरथ और नवल नामक तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कार और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
एक कार तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 4 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उनका गिरोह लोगों को डिजिटल अरेस्ट और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अब तक लगभग 1 करोड़ रुपए की ठगी कर चुका है
पिछोर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 117/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 319(2), 338, 308(6), 318(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार की टीम फरार आरोपियों की तलाश और ठगी की गई रकम की बरामदगी के लिए जांच में जुटी हुई है।