सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के व्यस्त माधव चौक पर स्थित एक जूस दुकान पर मामूली सी बात को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। टूथपिक मांगने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हंगामे और मारपीट तक पहुंच गया। इस मामले में दोनों पक्षों ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार वीर सावरकर कॉलोनी निवासी कपिल मिनोचा, जो माधव चौक पर “कपिल जूस” नाम से दुकान चलाते हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि गांधी कॉलोनी निवासी सचिन चावला शराब के नशे में उनकी दुकान पर आया और बिना कारण गाली-गलौज करने लगा।
कपिल मिनोचा का कहना है कि जब उसे गाली देने से रोका गया तो वह और उग्र हो गया। आरोप है कि उसने दुकान का सामान उठाकर फेंक दिया और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। साथ ही दुकान बंद कराने और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के समय दुकान पर कर्मचारी हरीकिशन कुशवाह और अंकित कुशवाह मौजूद थे, जबकि पास की चाय दुकान के संचालक गणेश यादव ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
वहीं दूसरी ओर सचिन चावला ने भी कोतवाली में आवेदन देकर जूस दुकान संचालक कपिल मिनोचा और उसके कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। सचिन का कहना है कि वह पास की चाय दुकान पर चाय पीने के बाद जूस दुकान से सिर्फ टूथपिक मांगने गया था, लेकिन इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आई हैं।
क्या सीसीटीवी फुटेज से सामने आएगा सच?
माधव चौक जैसी व्यस्त जगह पर स्थित कपिल जूस सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने की बात भी सामने आ रही है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि:क्या दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है?
अगर कैमरे लगे हैं तो फुटेज से असली सच सामने आ सकता है?
आखिर विवाद की शुरुआत किसने की — नशे में आए युवक ने या फिर दुकान पक्ष से भी कुछ हुआ?
अब इन सभी सवालों का जवाब सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए घटनास्थल के आसपास के कैमरों की भी पड़ताल की जा सकती है।