सागर शर्मा शिवपुरी:होली पर्व के मद्देनजर शिवपुरी शहर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। सोमवार शाम पुलिस प्रशासन ने शहर की सुरक्षा को लेकर भारी फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ एडिशनल एसपी संजेव मुले और एसडीओपी संजय चतुर्वेदी सहित सभी थानों के अधिकारी प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
100 जगहों पर होलिका दहन
शिवपुरी शहर में लगभग 100 स्थानों पर होलिका दहनहोगा। 3 मार्च को सुबह 6:20 बजे से सूतक शुरू होगा। 4 मार्च को रंग-गुलाल के साथ धूमधाम से होली मनाई जाएगी, जबकि 5 मार्च को धुलेंडी और दूज पर्व मनाया जाएगा, जिसमें बहनें भाइयों को तिलक कर उनके मंगल की कामना करेंगी।
प्राकृतिक और पर्यावरण मित्र होली
शिवपुरी कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने अपील की है कि लकड़ी की जगह गोबर के कंडों/उपलों से होलिका दहन करें। प्राकृतिक और हर्बल रंगों का प्रयोग करें, जल संरक्षण करें और पशु-पक्षियों पर रंग न डालें। जो संस्थाएं लकड़ी की जगह गोबर के कंडों से होलिका दहन करेंगी, उन्हें जिला स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
बाजारों में खरीदारी का उत्साह
होली के मद्देनजर बाजार सज चुके हैं। रंग-गुलाल, पिचकारी और हर्बल उत्पादों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है।
पुलिस और प्रशासन का अलर्ट
शहर के प्रमुख चौराहों और होलिका दहन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी तरह की शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।