सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मेला ग्राउंड के पास स्थित तालाब में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला। बाद में उसकी पहचान 22 वर्षीय लोकेंद्र तोमर के रूप में हुई, जो पिछले 10 मार्च से लापता था। युवक पंचायत सचिव का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सुरई घाट स्थित तालाब में स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
जांच में मृतक की पहचान लोकेंद्र तोमर (22) निवासी डामरोंन कला, जिला शिवपुरी के रूप में हुई। उसके पिता राजेंद्र तोमर टीला पंचायत में सचिव के पद पर पदस्थ हैं।
बताया जा रहा है कि लोकेंद्र कुछ समय से बीमार चल रहा था। कुछ दिन पहले उसके दादा बद्री प्रसाद उसे इलाज के लिए करैरा में लगे स्वास्थ्य शिविर में दिखाने के उद्देश्य से उसके पिता के करैरा स्थित घर पर छोड़कर आए थे। इसी दौरान 10 मार्च की दोपहर वह अचानक लापता हो गया।
लोकेंद्र के गायब होने के बाद उसके पिता ने करैरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शनिवार सुबह दिनारा के तालाब में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और युवक की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का माना जा रहा है।