शिवपुरी में डायल-112 की तेज रफ्तार का कहर: 11 केवी बिजली खंभे से जा टकराई गाड़ी, एयरबैग खुलने से बची ड्राइवर की जान

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात डायल-112 वाहन तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नयाखेड़ा गांव के पास अनियंत्रित हुई गाड़ी सड़क किनारे लगे 11 केवी बिजली लाइन के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा बीच से टेढ़ा हो गया और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसा शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे का बताया जा रहा है। डायल-112 वाहन अचानक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद वाहन के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई। हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन काफी तेज रफ्तार में था और ड्राइवर के शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद बिजली के तार नीचे झूलने लगे, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि तार वाहन पर नहीं गिरे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के समय वाहन में पायलट केवल लोधी ही सवार था।

भौंती थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया ने बताया कि यह डायल-112 वाहन भौंती थाने से संबद्ध है, लेकिन इसका संचालन भोपाल से कमांड के माध्यम से किया जाता है। ड्राइवर के नशे में होने की सूचना मिली है, हालांकि फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)