सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी टाटा नेक्सन कार में अचानक आग भड़क उठी। घटना रात करीब 8:30 बजे पारस रेजिडेंसी और सेंट बेनेडिक्ट स्कूल के बीच स्थित खाली प्लॉट में हुई।
बताया जा रहा है कि कार के इंजन वाले हिस्से से अचानक चिंगारी उठी, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी कार के आगे के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोग और वहां काम कर रहे राजमिस्त्री घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना फिजिकल थाना पुलिस और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।
बताया गया है कि जली हुई कार का नंबर MP 43 CA 9081 है, जो झांसी निवासी एक व्यक्ति की बताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।