पीएम मोदी की मिमिक्री पर टीचर सस्पेंड: शिवपुरी में वीडियो पर कार्रवाई, अब उठ रहे सवाल

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर प्रधानमंत्री की मिमिक्री करना शिवपुरी जिले के एक शिक्षक को भारी पड़ गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

मामला पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी (संकुल केंद्र बैराड़) का है, जहां साकेत पुरोहित प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं।

बताया जा रहा है कि शिक्षक ने एक वीडियो बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर व्यंग्य किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मामला प्रशासन तक पहुंच गया।

क्या बिना नोटिस सस्पेंड करना सही?

शिक्षक साकेत पुरोहित का कहना है कि उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही उनका पक्ष सुना गया। उनके अनुसार उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है।

विधायक प्रीतम लोधी ने की शिकायत

पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत करते हुए कहा कि शिक्षक ने जनप्रतिनिधि की मिमिक्री कर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। विधायक ने कहा कि यह शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है और ऐसी मानसिकता को सुधारा जाएगा।

सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कार्रवाई

जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद पाया कि शिक्षक का यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के विरुद्ध है। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास तय किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

अब उठ रहे बड़े सवाल

क्या सोशल मीडिया पर व्यंग्य या मिमिक्री करना सस्पेंशन का आधार बन सकता है?

क्या बिना नोटिस और पक्ष सुने कार्रवाई उचित है?
क्या सरकारी कर्मचारी की अभिव्यक्ति की भी सीमा तय होनी चाहिए?

यह मामला अब शिवपुरी में चर्चा और बहस का विषय बन गया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)