सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में एक बीमार और अशिक्षित महिला से जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ढाई विश्वा जमीन बेचने के नाम पर आरोपियों ने करीब 12 विश्वा जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कोलारस क्षेत्र के ग्राम नेतवास निवासी 30 वर्षीय रेवती जाटव लंबे समय से बीमार हैं। इलाज के लिए पैसों की जरूरत होने पर उन्होंने ग्राम चिटोरा स्थित अपनी कृषि भूमि सर्वे नंबर 438 में से करीब ढाई विश्वा जमीन 83 हजार रुपए में बेचने का सौदा किया था।
पीड़िता का आरोप है कि कामता प्रसाद जाटव ने रजिस्ट्री के समय केवल 50 हजार रुपए दिए और बाकी 33 हजार रुपए अगले दिन देने का वादा किया। इसके बाद 14 मार्च को जमीन की रजिस्ट्री करवा ली गई।
रजिस्ट्री निकलवाने पर खुला पूरा मामला
रेवती जाटव ने बताया कि रजिस्ट्री के समय कामता प्रसाद के साथ एक महिला मिस्सो रावत मौजूद थी, जिसे गवाह बताया गया था। बाद में जब रजिस्ट्री निकलवाई गई तो पता चला कि उसी महिला मिस्सो रावत के नाम पर उनकी दूसरी जमीन सर्वे नंबर 241 में से करीब 12 विश्वा जमीन की भी रजिस्ट्री करवा ली गई है।
पीड़िता का कहना है कि उन्हें दूसरी जमीन की रजिस्ट्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उनकी बीमारी और अशिक्षा का फायदा उठाकर कागजों पर अंगूठा लगवा लिया गया।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
रेवती जाटव ने आरोप लगाया है कि कामता प्रसाद जाटव, मिस्सो रावत, बबलेश रावत और धर्मेंद्र जाटव ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी की है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि सर्वे नंबर 438 की जमीन के बकाया 33 हजार रुपए दिलवाए जाएं और सर्वे नंबर 241 की रजिस्ट्री निरस्त कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।