टिकोनिया पार्क के पास चार पहिया ठेलों से सड़क अवरुद्ध: बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने नगर पालिका से की कार्रवाई की मांग

Nikk Pandit
0
शिवपुरी। शहर के टिकोनिया पार्क (मटका पार्क) के पास चार पहिया ठेलों द्वारा सड़क घेरकर अवैध रूप से व्यापार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला अभिभाषक संघ शिवपुरी के अध्यक्ष विजय तिवारी एडवोकेट ने नगर पालिका परिषद शिवपुरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि पुरानी अनाज मंडी से पुराने रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर टिकोनिया पार्क के कोने पर चार पहिया ठेलों द्वारा पेटीज, बिरयानी और सिगरेट-पान आदि की बिक्री की जा रही है, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और आवागमन प्रभावित होता है। ठेलों पर आने वाले ग्राहकों के वाहन भी सड़क पर खड़े हो जाते हैं, जिससे रास्ता और संकरा हो जाता है।

बताया गया है कि सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक ठेले लगे रहते हैं, जिसके कारण आधी सड़क बंद रहती है और अक्सर वहां झगड़े और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह मार्ग शक्तिपुरम कॉलोनी, विवेकानंद कॉलोनी और ग्वालियर बायपास रोड तक जाने का मुख्य रास्ता है।

साथ ही इसी मार्ग से जैन समाज के आस्था केंद्र आचार्य विजय धर्म सूरी मंदिर भी पहुंचा जाता है।
अध्यक्ष विजय तिवारी ने बताया कि इस संबंध में पहले भी नगर पालिका के अतिक्रमण शाखा प्रभारी से शिकायत की गई थी, जिस पर कुछ दिनों के लिए ठेले हटाए गए, लेकिन बाद में फिर से उसी स्थान पर लगने लगे।

उन्होंने नगर पालिका से मांग की है कि टिकोनिया पार्क के पास लगने वाले चार पहिया ठेलों को स्थायी रूप से हटाया जाए, ताकि सड़क पर हो रहे अतिक्रमण और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)