सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर में तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 12 मार्च की रात करीब 12:30 बजे ग्वालियर बायपास स्थित मातोश्री गार्डन के पास पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक डीजे वाहन (छोटा हाथी) सहित 14 साउंड स्पीकर, 11 डिस्को लाइट और एक लैपटॉप जब्त किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मातोश्री गार्डन के पास देर रात तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और डीजे को तुरंत बंद कराया। इसके बाद संचालक से अनुमति और लाइसेंस के दस्तावेज मांगे गए !
पूछताछ में डीजे संचालक की पहचान ठकुरपुरा निवासी 26 वर्षीय राजा जाटव (पिता भागीरथ जाटव) के रूप में हुई। लेकिन वह डीजे संचालन की कोई वैध अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
छोटा हाथी, जनरेटर सहित पूरा साउंड सिस्टम जब्त
अनुमति नहीं होने पर पुलिस ने मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम की धारा 15 के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे का पूरा साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। जब्त सामान में छोटा हाथी वाहन (MP 33 L 3079), एक जनरेटर, 14 साउंड स्पीकर, 11 डिस्को लाइट और एक लैपटॉप शामिल हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि डीजे संचालक राजा जाटव के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/26 दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का कराया जा रहा पालन
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर शहर में तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त एसपी संजीव मुले और सीएसपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम होटल और डीजे संचालकों को समझाइश भी दे रही है।
पुलिस ने सभी संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा में ही डीजे बजाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।