शिवपुरी में दरिंदगी: 14 साल की नाबालिग से खेत की झोपड़ी में दुष्कर्म, 50 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Nikk Pandit
0
खनियाधाना के ग्राम देवरी का मामला, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी को भेजा गया उपजेल पिछोर

शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ 50 वर्षीय व्यक्ति ने जबरदस्ती खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के आदेश पर उपजेल पिछोर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना कुछ दिन पहले रात करीब 11:30 बजे की है। पीड़िता घर के बाहर शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला कल्याण कुशवाह (50), पिता आशाराम कुशवाह उसे जबरदस्ती पकड़कर खेत की ओर खींच ले गया।

झोपड़ी में ले जाकर किया दुष्कर्म

आरोपी गांव में ही खेत में बनी एक झोपड़ी में रहता है। वह नाबालिग को जबरन उसी झोपड़ी में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए वह घटना के समय किसी को कुछ नहीं बता पाई।

बाद में जब उसके पिता मजदूरी से घर लौटे, तब उसने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता उसे लेकर खनियाधाना थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज

खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(1), 65(1), 351 (3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6, 3/4(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद जेल भेजा गया 

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे उपजेल पिछोर भेजने के आदेश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)