सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले में सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशी लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है। गुरुवार को कोलारस थाना क्षेत्र में एक गाय को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार पलट गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। वहीं शिवपुरी शहर के माधव चौक पर देर रात एक तेज रफ्तार कार गोलंबर की रेलिंग तोड़कर फरार हो गई।
गाय बचाने के प्रयास में पलटी कार
जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी साहूराम (90) अपने परिवार के साथ 12 मार्च को लखनऊ से भोपाल लौट रहे थे। शाम के समय उनकी कार एनएच-46 पर कोलारस थाना क्षेत्र के अन्नपूर्णा होटल के सामने पहुंची।
इसी दौरान अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और कई गुलाटें खाते हुए डिवाइडर में जा गिरी।
हादसे में कार सवार साहूराम (90), सेवा बाई (68), सरिता (41) और प्रिया (8) निवासी भोपाल घायल हो गए। सभी को कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
माधव चौक पर रेलिंग तोड़कर भागी कार
इधर, शिवपुरी शहर के माधव चौक पर गुरुवार देर रात एक और हादसा हो गया। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच एक तेज रफ्तार कार गोलंबर में लगी रेलिंग से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गोलंबर की तीन से चार रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आवारा मवेशियों और तेज रफ्तार पर कब लगेगी लगाम?
शहर और हाईवे पर आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं रात में तेज रफ्तार वाहनों पर भी नियंत्रण नहीं दिख रहा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रशासन इन हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम कब उठाएगा?