ज्वेलरी शॉप से 1.25 लाख के टॉप्स चोरी
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बैराड़ कस्बे में एक ज्वेलरी दुकान से करीब 1.25 लाख रुपये कीमत के सोने के टॉप्स चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं खुद को सास-बहू बताकर दुकान पर पहुंचीं और दुकानदार को बातों में उलझाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच मोहना-पोहरी रोड स्थित मां अंबे ज्वेलर्स पर दो महिलाएं एक छोटे बच्चे के साथ पहुंचीं। इनमें एक महिला की उम्र करीब 55 वर्ष और दूसरी की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। दोनों ने खुद को सास-बहू बताते हुए दुकानदार से सोने के टॉप्स दिखाने की बात कही।
दुकान संचालक महावीर प्रसाद गुप्ता जब उन्हें अलग-अलग डिजाइन के टॉप्स दिखा रहे थे, तभी महिलाएं उनसे लगातार बातचीत करती रहीं। इसी दौरान मौका पाकर उन्होंने चालाकी से दो जोड़ी सोने के टॉप्स चुरा लिए और कुछ देर बाद बच्चे के साथ दुकान से निकल गईं।
महिलाओं के जाने के बाद जब दुकानदार ने सामान का मिलान किया तो करीब 8 ग्राम वजन के दो जोड़ी सोने के टॉप्स गायब मिले, जिनकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
शक होने पर दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें दोनों महिलाएं टॉप्स चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रही हैं। इसके बाद मामले की सूचना बैराड़ थाने में दी गई।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद स्थानीय बाजार के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल देखा जा रहा है।