सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितीपुर गांव में मंगलवार देर रात एक किसान की झोपड़ी में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग लगने से झोपड़ी में रखा गेहूं, अरवी का बीज, खेती के उपकरण और गृहस्थी का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार छितीपुर गांव निवासी किसान दीपक राजपूत की झोपड़ी में रात करीब 2 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर दीपक और उनके परिवार के सदस्य जाग गए और तुरंत गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
इस घटना में करीब 1 क्विंटल गेहूं, 7 क्विंटल अरवी का बीज, खेती के उपकरण और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
पीड़ित किसान दीपक राजपूत ने आरोप लगाया है कि उनका पड़ोसी जेहान सिंह लोधी उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है और अक्सर उसी जगह पर घूरा फेंकता रहता है। किसान को शक है कि इसी विवाद के चलते आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है।
पीड़ित ने इस मामले में दिनारा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।