शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में दो छह वर्षीय बच्चियों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम हुई इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। गुस्साए परिजनों ने आरोपी बल्लू साहू को पकड़ लिया और उसे सीधे थाने ले गए।
आरोप है कि बच्चियां घर के बाहर गली में खेल रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें चॉकलेट देने का लालच दिया और उनके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की।
बच्ची ने घर पहुंचकर बताई घटना
घटना के बाद एक बच्ची घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां दूसरी बच्ची ने भी युवक की हरकत के बारे में बताया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे लेकर थाने पहुंच गए।
थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुटी
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ लोग आरोपी का जुलूस निकालने की मांग भी कर रहे थे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति संभालने के लिए फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया सबसे पहले मौके पर पहुंचीं और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ भी थाने पहुंचे। मामला बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले को भी मौके पर आना पड़ा।
तीन घंटे बाद दर्ज हुई एफआईआर
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद देर रात पुलिस ने आरोपी बल्लू साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (1) और लैंगिक अपराध से संबंधित धारा 11 व 12 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और भीड़ वहां से हट गई