सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले में अवैध रेत भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश और खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में दो लोगों के खिलाफ अवैध रेत भंडारण का मामला दर्ज किया गया, जबकि अवैध परिवहन कर रहे एक 14 चक्का हाईवा वाहन को जब्त किया गया।
प्रभारी खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने अपनी टीम के साथ करौदी सबवेल चौराहा क्षेत्र के आसपास स्थित रेत भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खिन्नी नाका निवासी राघवेंद्र शर्मा और ग्वालियर बायपास स्थित भंडारण स्थल पर विवेकानंदपुरम कॉलोनी निवासी सुनील राजे के खिलाफ अवैध रेत भंडारण का प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी दौरान अमोला थाना क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक 14 चक्का हाईवा वाहन को भी पकड़ा गया। वाहन चालक रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन को जब्त कर अमोला थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, होली अवकाश से पहले भी शिवपुरी तहसील क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत भंडारण, उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दर्ज सभी प्रकरण अर्थदंड निर्धारण के लिए कलेक्टर न्यायालय भेजे जा रहे हैं।