जनसुनवाई में गूंजे भ्रष्टाचार और अत्याचार के मामलेनामांतरण में रिश्वत, पेंशन अटकी और महिला से मारपीट की शिकायत; फरियादियों ने कलेक्टर-एसपी से लगाई गुहार

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित कलेक्टर और एसपी की संयुक्त जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई में जमीन नामांतरण में रिश्वत मांगने, सेवानिवृत्त कर्मचारी की पेंशन अटकने और महिला के साथ मारपीट जैसे मामले सामने आए। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नामांतरण के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

सर्किट हाउस रोड निवासी धर्मेंद्र जाटव ने ग्राम माधौपुर, तहसील पोहरी के पटवारी बघेल पर नामांतरण के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। जाटव के अनुसार उन्होंने 17 जुलाई 2025 को सर्वे नंबर 108 में से 1000 वर्गफुट का प्लॉट खरीदा था और नामांतरण के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि 22 जनवरी 2026 को पटवारी ने नामांतरण के लिए 2000 रुपये की मांग की, जिसका भुगतान उन्होंने फोनपे के माध्यम से कर दिया। इसके बाद भी नामांतरण नहीं किया गया और अब अतिरिक्त 5 हजार रुपये की मांग की जा रही है। फरियादी ने खुद को विकलांग और गरीब बताते हुए पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सेवानिवृत्त वनपाल की पेंशन सात माह से लंबित

न्यू शिव कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त वनपाल दिनेश कुमार भार्गव ने भी जनसुनवाई में अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि वे 31 अगस्त 2025 को वनपाल पद से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन सात माह बीत जाने के बाद भी उनका पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) जारी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पेंशन और अन्य स्वत्वों का भुगतान न मिलने से परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई हो रही है। कई बार वन मंडल कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिला है।

महिला ने ससुराल पक्ष पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप

करेरा थाना क्षेत्र के रामनगर गधाई निवासी वीरवती ने एसपी को आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब नौ वर्ष पहले ग्राम कांकर निवासी भागचंद कुशवाह से हुई थी और उसके चार छोटे बच्चे हैं।

आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को पति भागचंद, जेठ महाराज सिंह, जिठानी लक्ष्मीदेवी और ननद धंतीबाई ने कुल्हाड़ी, डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया, जिससे उसके दोनों पैरों और एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया। महिला का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद गंभीर धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया।

जनसुनवाई में अधिकारियों ने सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)