शिवपुरी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम में 20 घंटे की देरी: सर्वर और नई ऑनलाइन प्रक्रिया बनी मुसीबत, परिजन घंटों भटकते रहे

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में भारी लापरवाही सामने आई है। बुधवार शाम मृत घोषित किए गए एक युवक के शव का गुरुवार दोपहर तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिससे परिजनों को करीब 20 घंटे तक अस्पताल में इंतजार करना पड़ा। वहीं गुरुवार सुबह सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक किशोर के शव का भी दोपहर तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया, जिससे अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार सतनबाड़ा थाना क्षेत्र के सतनबाड़ा खुर्द निवासी 35 वर्षीय युवक कोलारस में दुर्गेश जाट के कृषि फार्म पर मुनीम का काम करता था। बुधवार दोपहर वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने शाम करीब 4 बजे उसे मृत घोषित कर दिया, लेकिन उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका और गुरुवार दोपहर तक भी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।

इसी तरह गुरुवार सुबह एसपी कोठी के सामने ऑटो और बाइक की टक्कर में 15 वर्षीय ऋषभ रावत, निवासी नवाब साहब रोड चंद्रा कॉलोनी, की मौत हो गई थी। सुबह करीब 7 बजे हुए हादसे के बाद भी दोपहर 12 बजे तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया, जिससे परिजन परेशान होकर अस्पताल परिसर में इंतजार करते रहे।

तकनीकी बदलाव बना देरी की वजह

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में तकनीकी बदलाव किए गए हैं। अब पुलिस द्वारा सीसीटीएनएस सिस्टम पर दर्ज एक विशेष नंबर के दस्तावेज मिलने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाता है।

वहीं कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए अब ऑनलाइन आवेदन भरना अनिवार्य हो गया है। कई बार सर्वर डाउन होने के कारण प्रक्रिया में देरी हो जाती है। गुरुवार को दोनों मामलों के दस्तावेज पूरे कर अस्पताल भेज दिए गए हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सवाल यह उठ रहा है कि तकनीकी प्रक्रिया के चलते अगर पोस्टमार्टम में इतनी देरी होगी, तो परिजनों को घंटों इंतजार और परेशानी झेलनी पड़ेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)