शिवपुरी में महिला की बेरहमी से हत्या: खेत में गला रेतकर फेंका शव, देवर पर शक, वारदात के बाद से फरार

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर:शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम बामौरकला में बुधवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मजदूरी से घर लौट रही 32 वर्षीय प्रीति केवट की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। महिला का शव गांव के मंजू महाराज के खेत के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार प्रीति केवट फसल कटाई की मजदूरी खत्म कर शाम करीब 6 बजे घर लौट रही थी। इसी दौरान खेत के पास किसी हमलावर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने प्रीति के गले के पीछे और दाहिनी ओर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतिका के देवर पूरन केवट ने बताया कि वह दिल्ली में टमाटर फार्म पर काम करता है। गांव से सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा तो प्रीति का शव खेत के पास खून से लथपथ पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई !

देवर पर गहराया शक

बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रीति का पति बबलेश केवट राजस्थान में मजदूरी करने गया हुआ था। वहीं दूसरा देवर शिशुपाल केवट घटना के बाद से लापता है, जिससे उस पर शक गहराता जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक शिशुपाल चाहता था कि प्रीति उसी के कहने पर खेतों में मजदूरी करे, लेकिन प्रीति ने दूसरे किसान के यहां काम शुरू कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मृतिका के देवर पूरन केवट की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है और लापता शिशुपाल की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या का पूरा सच सामने आएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)