सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के यूआईटी कॉलेज परिसर में छात्रों को दिए जा रहे पेयजल की खराब गुणवत्ता का मामला सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर परिसर में स्थित पानी की टंकियों की सफाई कराई।
जानकारी के अनुसार एबीवीपी पदाधिकारियों ने कॉलेज परिसर में लगी पानी की टंकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई टंकियों में गंदगी, कचरा और पॉलिथीन पाई गई, वहीं कुछ टंकियों पर ढक्कन भी नहीं लगे थे। ऐसी स्थिति में छात्रों को दूषित पानी मिलने से उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था।
मामले को गंभीरता से उठाते हुए एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और 24 घंटे के भीतर सभी टंकियों की सफाई करवाई गई।
निरीक्षण के दौरान एबीवीपी अध्यक्ष आयुष दुबे के साथ शुभम धाकड़, अनमोल रावत, अभिषेक वर्मा, प्रशांत धाकड़, प्रशांत कटारे, अभिषेक ओझा, सुमित कुशवाह और उदय आर्य सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।
एबीवीपी अध्यक्ष आयुष दुबे ने कहा कि परिषद हमेशा छात्रों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो परिषद आंदोलन या भूख हड़ताल जैसे कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगी।