सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में दिनदहाड़े चैन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। फिजिकल थाना क्षेत्र की मोहनी सागर कॉलोनी में मंदिर से लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चैन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार मोहनी सागर कॉलोनी के एफ-15 निवासी शासकीय शिक्षक कौशल गौतम की 57 वर्षीय पत्नी दीपक गौतम बुधवार सुबह टीवी टॉवर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। सुबह करीब 8:15 बजे जब वह मंदिर से लौटकर मोहनी सागर कॉलोनी के गेट नंबर-4 से अंदर प्रवेश कर रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आकर रुके।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले महिला से कॉलोनी में रहने वाले जैन साहब का पता पूछा। महिला जैसे ही उन्हें रास्ता बता रही थीं, तभी पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चैन झपट ली और दोनों बदमाश बाइक से तेजी से फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक गमछे से चेहरा ढके हुए था। दोनों की उम्र करीब 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।