दो माह से पानी संकट झेल रही संजय कॉलोनी, महिलाओं ने नगर पालिका पहुंचकर जताई नाराजगी

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर के फिजिकल क्षेत्र की संजय कॉलोनी की राठौर गली में पिछले दो महीनों से पानी की सप्लाई ठप होने से रहवासी परेशान हैं। कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने पर बुधवार को क्षेत्र की महिलाएं नगर पालिका के फिजिकल सम्पमेल पहुंचीं और अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी।

स्थानीय निवासी रहीसा बानो ने बताया कि राठौर गली में करीब दो माह से नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। क्षेत्र की पाइप लाइन कई जगह से फूटी हुई है और बड़ी मोटर भी खराब पड़ी है। इसके कारण छोटी मोटर से आठ दिन में एक बार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता।

उन्होंने बताया कि इलाके में ज्यादातर मजदूर वर्ग के परिवार रहते हैं, इसलिए लोग पैसे देकर पानी खरीदने में सक्षम नहीं हैं। मजबूरी में लोगों को दूर-दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है।

इस मामले में नगर पालिका में तैनात पंप अटेंडर राजू कुशवाह ने बताया कि वह करीब 20 बार अधिकारियों को बड़ी मोटर खराब होने की जानकारी दे चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। छोटी मोटर से सप्लाई करने पर पाइप लाइन फूटी होने के कारण पानी घरों तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कहा कि उनका काम अधिकारियों को जानकारी देना है, जो वह कई बार कर चुके हैं।

वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी इशांक धाकड़ ने बताया कि नगर पालिका की कई बड़ी मोटरें पुरानी होने के कारण खराब हो गई हैं। नई मोटरों के लिए टेंडर हो चुका है और जल्द ही पीआईसी की बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। इसके बाद संजय कॉलोनी समेत अन्य क्षेत्रों की पानी की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)