सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी/पोहरी:शिवपुरी जिले के पोहरी क्षेत्र में 2.5 लाख रुपए की गड़बड़ी के आरोप के बाद एक 26 वर्षीय मुनीम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पोहरी थाने के बाहर चक्का जाम कर दिया। हंगामा देर रात करीब 12 बजे तक चलता रहा।
मृतक नेपाल शाक्य (26) ग्राम बरखेड़ा का रहने वाला था और पिछले 5-6 वर्षों से पोहरी के पास स्थित एक भूसा फैक्ट्री में मुनीम के रूप में काम कर रहा था।
फोन कर बताया था – मुझ पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा
मृतक के बड़े भाई सोनेराम शाक्य के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे नेपाल का फोन आया था। उसने बताया था कि फैक्ट्री मालिक उस पर पैसे चोरी करने का आरोप लगा रहे हैं।
कुछ ही देर बाद फैक्ट्री मालिक का बेटा शिवम और राजू अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और नेपाल के बारे में पूछताछ करने लगे। परिजनों का आरोप है कि वे नेपाल को अपने वाहन में बैठाकर ले गए और कुछ समय बाद उसकी मौत की खबर आ गई।
परिजनों का आरोप – हत्या कर फंदे पर लटकाया
परिजनों का दावा है कि नेपाल ने फोन पर बताया था कि उसे बंधक बनाकर धमकाया जा रहा है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री मालिक के बेटे और उसके साथियों ने मिलकर उसकी हत्या की और सबूत छिपाने के लिए शव को शिवपुरी शहर की मुदगल कॉलोनी के कमरे में फांसी पर लटका दिया।
फैक्ट्री प्रबंधन का दावा – हिसाब में 2 से 2.5 लाख की गड़बड़ी
वहीं फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि नेपाल हिसाब-किताब का काम संभालता था। जांच और सीसीटीवी फुटेज में करीब 2 से 2.50 लाख रुपए की गड़बड़ी सामने आई थी।
थाने के बाहर किया चक्का जाम
रविवार शाम करीब 7 बजे जब परिजन शव लेकर पोहरी पहुंचे तो गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने पोहरी थाने के बाहर चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने मर्ग कायम किया
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद रात करीब 12 बजे चक्का जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।