सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। भूत पुलिया के पास एक घर में घुसे चोर परिवार के जागने पर छत से कूदकर फरार हो गए। पीछा करने पर उनके साथियों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने मौके से चार बाइकें चालू हालत में जब्त कर ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात 2 बजे घर की छत पर पहुंचे चोर
भूत पुलिया निवासी मुकेश पांडेय के अनुसार रविवार रात करीब 2 बजे दो से तीन अज्ञात चोर उनके घर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए। इसी दौरान उनकी पत्नी को आहट सुनाई दी, जिससे उनकी नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत मुकेश पांडेय और बेटे को जगा दिया।
छत से कूदकर भागे बदमाश
जब मुकेश पांडेय और उनका बेटा छत पर पहुंचे तो चोर उन्हें देखकर घबरा गए और छत से कूदकर भागने लगे। पिता-पुत्र ने उनका पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर बाइकों पर खड़े उनके साथियों ने पथराव शुरू कर दिया।
जान बचाने के लिए घर लौटे
अचानक हुए पथराव से घबराकर दोनों वापस घर लौट आए। परिवार ने तुरंत घर के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
फक्कड़ कॉलोनी में मिली 4 बाइक
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चोरों की तलाश शुरू की। इस दौरान फक्कड़ कॉलोनी में चार बाइकें चालू हालत में खड़ी मिलीं, जिन्हें बदमाश छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चारों बाइकों को जब्त कर लिया है।
पुलिस जुटी जांच में
फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई चारों बाइक चोरी की हैं या बदमाशों की अपनी।