महिला शक्ति की रफ्तार शिवपुरी में गूंजी, 25 महिला सुपर बाइकर्स पहुंचीं ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ ट्रेल के साथ

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी में मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ बाइक ट्रेल के तहत देशभर की 25 महिला सुपर बाइकर्स सोमवार को शिवपुरी पहुंचीं। इस दौरान महिला राइडर्स ने शिवपुरी के टूरिस्ट विलेज एमपीटी होटल में ठहराव किया और ऐतिहासिक सिंधिया छत्री का भ्रमण कर यहां की सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।


यह सात दिवसीय बाइक यात्रा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई थी। लगभग 1400 किलोमीटर लंबी इस बाइक ट्रेल का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।

शिवपुरी पहुंचने पर जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (DATCC) की टीम ने महिला बाइकर्स का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी सौरभ गौड़, पर्यटन प्रबंधन के देव सोनी और कार्यालय प्रभारी रामपाल सिंह कुशवाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सहायक नोडल अधिकारी सौरभ गौड़ ने महिला बाइकर्स को परिषद द्वारा तैयार किया गया वार्षिक पर्यटन कैलेंडर भेंट किया और उसमें दर्शाए गए पर्यटन स्थलों की जानकारी देते हुए शिवपुरी के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व से अवगत कराया।

सिंधिया छत्री का भ्रमण करने के बाद महिला बाइकर्स का दल शाम को श्योपुर के लिए रवाना हो गया, जहां उनका रात्रि विश्राम कूनो रिसोर्ट में हुआ। मंगलवार सुबह दल कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेगा।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य राज्य की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही मध्यप्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

इस बाइकिंग टूर का नेतृत्व मुंबई की 62 वर्षीय डॉ. नीता कर रही हैं। राइडर्स समूह में भोपाल की 8, मुंबई और नागपुर की 5-5 तथा ग्वालियर, बैंगलोर, कोलकाता, पुणे और नोएडा की एक-एक महिला राइडर शामिल हैं। यह यात्रा 13 मार्च को भोपाल में समापन के साथ समाप्त होगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)