सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना एनएच-46 पर बूढ़ाडोंगर गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुई, जहां एक ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद ऑटो चालक सड़क पर जा गिरा और पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनोज भार्गव (पुत्र केशव भार्गव) निवासी मझोला, थाना सिरसी जिला गुना के रूप में हुई है। मनोज शिवपुरी शहर के लुधावली इलाके में रहकर ऑटो चलाता था। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार सुबह अपने चाचा लल्लू भार्गव के साथ गांव से शिवपुरी लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
हादसे में ऑटो पलटने से उसके चाचा लल्लू भार्गव भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।