सागर शर्मा शिवपुरी: शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के सेसई गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर के टायर के नीचे दबने से मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सेसई गांव निवासी पंकज रजक खड़े ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक चल पड़ा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। गिरते ही वह ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण रन्नौद थाना पुलिस को भेजा जाएगा।