सागर शर्मा ECG: खबर शिवपुरी शहर की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं को गलत रास्ते से बचाने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने सराहनीय पहल की है। पुलिस ने शहर में सक्रिय ऐसे व्हाट्सएप ग्रुपों को चिन्हित किया जिनका उपयोग कुछ युवक झगड़े और विवाद के समय अपने साथियों को बुलाने के लिए कर रहे थे।
जांच के दौरान ‘302’, ‘307’ और ‘गैंगस्टर’ नाम के तीन व्हाट्सएप ग्रुप सामने आए, जिनमें करीब 15 से 20 सदस्य जुड़े हुए थे। इनमें अधिकांश 16 से 21 वर्ष के छात्र थे, जिनमें कुछ नाबालिग भी शामिल बताए गए हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने सभी छात्रों और उनके अभिभावकों को कोतवाली थाने बुलाया।
यहां उन्हें समझाया गया कि इस तरह के ग्रुप बनाकर झगड़ों में शामिल होना कानूनन गलत है और इससे उनके भविष्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है।
थाना प्रभारी की समझाइश के बाद तीनों ग्रुप के एडमिन से तुरंत व्हाट्सएप ग्रुप डिलीट करवा दिए गए। साथ ही छात्रों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें, ताकि वे किसी भी गलत संगत या विवाद से दूर रह सकें।