सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। घटना मीट मार्केट के पीछे स्थित ठाकुर बाबा के चबूतरे की टीन शेड पर हुई। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने चबूतरे की टीन शेड पर एक युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया। बाद में उसकी पहचान अशोक खटीक के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि अशोक मूल रूप से दमोह जिले का रहने वाला था और कई सालों से शिवपुरी में अपने ससुराल में रह रहा था। वह फल का हाथ ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार अशोक रविवार शाम तक घर पर था, लेकिन रात में घर से निकल गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।