सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिला की खनियांधाना तहसील के ग्राम हिम्मतपुर में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 125 बीघा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस दौरान खड़ी फसल को 4 जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 75 लाख रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हिम्मतपुर में लगभग 125 बीघा सरकारी जमीन पर 17 से 18 लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी। शासन के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने पहले भूमि का सीमांकन कराया और उसके बाद बेदखली की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 70 से 80 अधिकारी-कर्मचारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा। 4 जेसीबी मशीनों के माध्यम से खेतों में खड़ी फसल को हटाया गया। पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कड़ी निगरानी रही और गांव का माहौल छावनी जैसा बना रहा।
मशीनें खेतों में पहुंचते ही कुछ ग्रामीण और किसान भावुक हो गए। उन्होंने अधिकारियों से फसल कटाई तक का समय देने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खनियांधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
खनियांधाना तहसीलदार निशिकांत जैन ने बताया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर फसल बोई गई थी। सीमांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के निर्देशानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने पुष्टि की कि करीब 3.75 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है।