सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी में सोमवार रात ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह के साथ होलिका दहन किया गया। यह सिलसिला देर रात लगभग 12 बजे तक चलता रहा। लोगों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शहर में सौ से अधिक स्थानों पर होलिका दहन हुआ। कई जगह युवाओं ने डीजे की धुन पर नृत्य किया और रंग-गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
तीन तस्वीरों में देखिए होलिका दहन...
चंद्रग्रहण के कारण टली रंगों की होली
इस बार मंगलवार को रंगों की होली नहीं खेली गई। 3 मार्च को सुबह 6:20 बजे से चंद्रग्रहण का सूतक काल प्रारंभ हो गया था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूतक काल में शुभ एवं मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं।
इसी कारण रंग-गुलाल से होली खेलने का कार्यक्रम एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। अब बुधवार, 4 मार्च को चंद्रग्रहण समाप्त होने के बाद रंगों की होली धूमधाम से मनाई जाएगी।
इसके बाद 5 मार्च को दूज पर्व मनाया जाएगा, जिसमें बहनें अपने भाइयों को तिलक कर उनके मंगल और दीर्घायु की कामना करेंगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें।