सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में थीम रोड पर एक कार सवार परिवार के साथ खुलेआम मारपीट और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। मामूली सड़क हादसे के बाद कुछ युवकों ने बुजुर्ग सहित पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में महिला के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। पुलिस ने अरबाज सहित 4-5 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूटी की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
नाई की बगिया निवासी 65 वर्षीय रामनिवास शर्मा रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपनी कार से माधव चौक से ग्वालियर बायपास की ओर जा रहे थे। कार में उनके साथ बेटा संयोग पाराशर, बहू सोनम शर्मा और पत्नी अनीता शर्मा भी मौजूद थीं।
थीम रोड पर मधुरम स्वीट्स के पास एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चला रहा बच्चा उनकी कार में पीछे से टकरा गया। रामनिवास शर्मा ने बच्चे से पूछा कि उसे चोट तो नहीं लगी, तभी मौके पर अरबाज नाम का युवक पहुंच गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
बुजुर्ग को पकड़कर पीटा
रामनिवास शर्मा के अनुसार, अरबाज के साथ आए 3-4 अन्य युवकों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी शर्ट पकड़कर खींची और लात-घूंसे और थप्पड़ों से मारपीट की, जिससे उनके दाहिने हाथ और बाएं कंधे में चोट आई।
बेटे और बहू के साथ भी बदसलूकी
जब उनके बेटे संयोग पाराशर पिता को बचाने के लिए कार से नीचे उतरे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे उनकी बाईं कलाई में चोट आई।बीच-बचाव करने आई बहू सोनम शर्मा के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की, जिससे उनके कान का करीब एक से सवा ग्राम सोने का टॉप्स गिरकर खो गया।
जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी
मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने परिवार को दोबारा इस रोड पर दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के समय मौके पर राहगीर मोहिन खान सहित अन्य लोग मौजूद थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली पुलिस ने फरियादी रामनिवास शर्मा की शिकायत पर अरबाज और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।