शिवपुरी।शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई है। एक मामला बदरवास थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का है, जबकि दूसरा मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले शव से जुड़ा है। दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
हाइवे पार करते समय ट्रक की चपेट में आया व्यक्ति
पहली घटना बदरवास थाना क्षेत्र के एनएच-46 स्थित सिल्वर पार्क के पास शनिवार रात हुई। एक अज्ञात व्यक्ति हाईवे पार कर रहा था, तभी वह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भूसे से भरा ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है। रविवार शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मृतक का फोटो जारी कर पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि मृतक गुना या अशोकनगर जिले का रहने वाला हो सकता है।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
दूसरी घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नोहरी गांव के पास सामने आई। यहां गुरुवार रात रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस के अनुसार युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई थी और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था।
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। युवक के हाथ पर दो दिल के निशान और ‘राजू’ नाम लिखा हुआ मिला था। इसके बावजूद दो दिन तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव को दफना दिया।
पहचान के प्रयास जारी
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में मृतकों की पहचान कराने के प्रयास कर रही है और आसपास के जिलों में भी जानकारी भेजी गई है।