सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की बामौरकलां थाना पुलिस ने वनखेड़ा पुलिया के पास हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, सोने की पुतईया और नगद राशि बरामद की है।
गमी से लौटते समय युवक से हुई थी लूट
थाना प्रभारी संजय लोधी ने बताया कि 5 मार्च 2026 को ग्राम गोरवर, थाना खनियाधाना निवासी हनुमत लोधी (27) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार 3 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह अपने रिश्तेदार की गमी से लौट रहा था।
इसी दौरान वनखेड़ा पुलिया के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर उसकी जेब से 15 हजार रुपये, मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन और गले में पहनी ओम छपी सोने की पुतईया लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 25/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर बनाई गई टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।
खेतों के रास्ते भागे थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात के बाद आरोपी खेतों के रास्ते भागे थे। इसके बाद आसपास के गांवों में सघन तलाश अभियान चलाकर पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोच लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में
अमित उर्फ भज्जू (31) निवासी नदावन
आकाश उर्फ गुल्ला (21) निवासी शंकरपुर
कक्काजू उर्फ रंजीत (24) निवासी शंकरपुर
अनिल (26) निवासी नदावन
शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोटोरोला मोबाइल (कीमत करीब 20 हजार रुपये), ओम छपी सोने की पुतईया (कीमत करीब 15 हजार रुपये) और 7500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।