शादी का सपना दिखाकर 40 हजार की ठगी! फोटो दिखाकर कोर्ट ले गया, सादे कागज पर साइन कराए और हो गया फरार

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बामौरकला थाना क्षेत्र में शादी कराने का झांसा देकर युवक से 40 हजार रुपए ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवक को लड़की की फोटो दिखाई, फिर उसे कोर्ट ले जाकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए, लेकिन न शादी कराई और न ही पैसे वापस किए।

जानकारी के अनुसार विजरावन गांव निवासी राहुल लोधी की शादी नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान गांव के सुरेश पंडा ने उससे शादी कराने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 40 हजार रुपए मांगे। शादी की उम्मीद में राहुल ने आरोपी को पैसे दे दिए।

कोर्ट ले जाकर कराए साइन

राहुल के मुताबिक 26 सितंबर 2025 को आरोपी उसे शिवपुरी कोर्ट ले गया, जहां एक युवती भी मौजूद थी। वहां राहुल और युवती से सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए और कहा गया कि कुछ दिनों बाद युवती को उसके घर से विदा कर दिया जाएगा।

न दुल्हन आई, न पैसे लौटे

समय बीतता गया, लेकिन न तो युवती की विदाई हुई और न ही शादी हुई। जब राहुल ने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो उसने राशि लौटाने से साफ इनकार कर दिया और धमकी भी दी।

अब एसपी से लगाई गुहार

पीड़ित युवक का कहना है कि उसने पहले बामौरकला थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

राहुल का कहना है कि या तो उसकी शादी कराई जाए या फिर उसके 40 हजार रुपए वापस दिलाए जाएं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)