थाने के पास ही महिला से मंगलसूत्र झपटा: दिनदहाड़े वारदात, CCTV में कैद बदमाश; पुलिस की गश्त पर सवाल

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के भौंती कस्बे में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। पुलिस थाने से महज 250 मीटर दूर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे भौंती कस्बे के बाजार में हुई। कमरपुरा थाना करेरा निवासी ललिता प्रजापति होली की दोज पर अपने मायके महोबा गांव (थाना भौंती) आई थीं। वे अपनी मां और बेटे के साथ पैदल बस स्टैंड की ओर जा रही थीं, ताकि ससुराल लौट सकें।

इसी दौरान सिरसौद-पिछोर मार्ग पर बाजार के बीच बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके पास पहुंचे।

एक बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से पिछोर की ओर भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

थाने के पास हुई लूट

गौरतलब है कि यह वारदात भौंती थाने से महज 250 मीटर की दूरी पर हुई, जहां उस समय बाजार में सैकड़ों लोग मौजूद थे। इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

उल्लेखनीय है कि पिछले शनिवार को भी पिछोर थाना क्षेत्र में कट्टे की नोक पर एक महिला से दो मंगलसूत्र और चेन लूटने की घटना सामने आई थी। उस मामले में अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कुछ ही दिनों में हुई दूसरी वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

भौंती थाना प्रभारी घनश्याम भदोरिया ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)