शिवपुरी में चोरी की दो घटनाएं: मंदिर से 4 किलो चांदी चोरी, पार्षद के घर के बाहर बाइक चोरी का प्रयास

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले में चोरी और चोरी के प्रयास की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए भगवान शिव की पिंडी पर चढ़ी चांदी चोरी कर ली, जबकि दूसरे मामले में शहर में खड़ी बाइक चोरी करने का प्रयास किया गया, हालांकि चोर इसमें सफल नहीं हो सके।

मंदिर से चार किलो चांदी चोरी

पहली घटना पिछोर थाना क्षेत्र के करारखेड़ा गांव के पास स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार रात को हुई। मंदिर के पुजारी सुखदेव महाराज ने बताया कि रात को मंदिर में ताला लगाकर वह परिसर के कमरे में सो गए थे। सुबह करीब 4 बजे उठने पर उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली।

उन्होंने दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर देखा तो मंदिर के एक दरवाजे की लोहे की जंजीर टूटी हुई थी। अंदर भगवान शिव की पिंडी पर चढ़ी चांदी की मोटी परत उखड़ी हुई मिली। पुजारी के अनुसार पिंडी पर करीब 6 किलो 200 ग्राम चांदी चढ़ी थी, जिसमें से अज्ञात चोर 4 किलो से अधिक चांदी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पार्षद के घर के बाहर बाइक चोरी का प्रयास

दूसरी घटना शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र की राधा रमण नगर कॉलोनी में सामने आई है। यहां वार्ड क्रमांक 35 के पार्षद मट्टू खटीक के घर के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी करने का प्रयास किया गया।

पार्षद के अनुसार शनिवार दोपहर दो अज्ञात युवक बाइक से आए और घर के बाहर खड़ी बाइक का हैंडल तोड़कर उसे स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके और बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बसों के ड्राइवर सुबह अपनी बाइक यहां खड़ी करते हैं और शाम को वापस ले जाते हैं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। इस मामले की लिखित शिकायत फिजिकल थाने में दर्ज करा दी गई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)