शिवपुरी/दिनारा:शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को हैरान कर दिया है। पहली घटना में अज्ञात चोर ने गिर्राज धरण मंदिर के दानपात्र को तोड़ने का प्रयास किया, जबकि दूसरी घटना में एक सूने मकान से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, गिर्राज धरण मंदिर में देर रात अज्ञात चोर चोरी के इरादे से घुसा और मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़ने की कोशिश की। हालांकि वह इसमें सफल नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है, जिससे पुलिस को चोर की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
वहीं दूसरी घटना बेटू धुलाई सेंटर के पास स्थित मनीष मिश्रा के मकान में हुई। बताया जा रहा है कि मनीष मिश्रा का परिवार होली मनाने अपने पुश्तैनी गांव कटीली गया हुआ था। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुस गए और एक कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक चांदी की करधौनी और करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि यह नकद रकम खेती के लिए डीजल खरीदने के लिए रखी गई थी।
सुबह जब परिवार घर लौटा तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और चोरी की घटना का पता चला। मनीष मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले भी कस्बे में इसी तरह राघवेंद्र पटवा के घर चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र के लोगों में डर और चिंता का माहौल है।