सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में दिल्ली के उत्तम नगर में 26 वर्षीय तरुण खटीक की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को शिवपुरी में खटीक समाज और सर्व हिंदू समाज का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित होकर पुराने बस स्टैंड से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की ।
प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और अमानवीय है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि तरुण खटीक की हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए, साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी और पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
खटीक समाज के प्रतिनिधि महेंद्र खटीक ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन को और तेज करेगा।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक आवाज उठाता रहेगा।