शिवपुरी में जमीन घोटाला: फर्जी दस्तावेज बनाकर शासकीय भूमि में हेराफेरी, 7 अधिकारियों-कर्मचारियों पर FIR

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा तहसील क्षेत्र में शासकीय भूमि घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम जरगंवा अव्वल की जमीन से जुड़े इस प्रकरण में फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर करने के आरोप में सात अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई तहसीलदार की शिकायत पर दिनारा थाना पुलिस द्वारा की गई है।

करैरा तहसीलदार कल्पना शर्मा ने दिनारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कलेक्टर शिवपुरी के निर्देश पर कराई गई जांच में डिप्टी कलेक्टर शिवदयाल धाकड़ ने खुलासा किया कि शासकीय भूमि से जुड़े रिकॉर्ड में सुनियोजित तरीके से छेड़छाड़ की गई थी।

फर्जी कागज और रिकॉर्ड से छेड़छाड़

जांच में सामने आया कि संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों ने मिलकर फर्जी प्रकरण तैयार किए, दायरा पंजी में हेरफेर किया और खसरा के महत्वपूर्ण पन्ने तक फाड़कर गायब कर दिए।

साथ ही सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना नामांतरण किए गए, जिन्हें बाद में निरस्त कर दिया गया। शासकीय भूमि के बटे नंबरों में भी अवैध तरीके से बदलाव किए गए।

इन पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन कार्यालय कानूनगो जीवनलाल तिवारी (सेवानिवृत्त), रिकॉर्ड शाखा प्रभारी प्रताप पुरी, नायब तहसीलदार अशोक श्रीवास्तव, प्रवाचक लोकेन्द्र श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-3 (नकल शाखा) दिवंगत लालाराम वर्मा, हल्का पटवारी बृजेश यादव और दिवंगत पटवारी मुकेश चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)