सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में बिजली बिल वसूली के दौरान एक महिला द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। बिजली विभाग की टीम जब बकाया बिल के चलते कनेक्शन काटने पहुंची, तो महिला ने कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम बकाया बिल वसूली अभियान के तहत कमला बाई बाथम के घर पहुंची थी। महिला पर कुल 2,18,883 रुपए का बिजली बिल बकाया था। जैसे ही कर्मचारी कनेक्शन काटने लगे, महिला ने विरोध करते हुए अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
पहले भी काटा गया था कनेक्शन
बिजली कर्मचारियों के मुताबिक, दो दिन पहले भी उक्त घर का कनेक्शन काटा गया था, लेकिन बाद में उसे दोबारा जोड़ लिया गया। दोबारा कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति बन गई।
परिवार के सदस्य शासकीय कर्मचारी
बताया जा रहा है कि महिला का पति भुज्जाराम बाथम नगर पालिका में माली है, जबकि बेटा रिंकू बाथम फायर ब्रिगेड में चालक पद पर पदस्थ है। इसके बावजूद महिला द्वारा इस तरह का व्यवहार किया गया।
घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने
फिजिकल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। एई इन्द्रपाल सिंह बघेल ने बताया कि मार्च क्लोजिंग के चलते बकायादारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और नियम अनुसार कार्रवाई की जा रही है।