गाय को बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह: कार पलटी, 7 साल की बच्ची की मौत

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। शिवपुरी-श्योपुर हाइवे पर रिछाई मोड़ के पास गाय को बचाने की कोशिश में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दंपती और उनकी 7 साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।.

जानकारी के अनुसार पोहरी निवासी रिजवान अंसारी अपनी पत्नी कमरजहां अंसारी और 7 साल की बेटी रिजा अंसारी के साथ श्योपुर में एक रिश्तेदार की गमी में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनके जीवन का सबसे दर्दनाक सफर बन जाएगा।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच जब उनकी कार शिवपुरी-श्योपुर हाइवे पर रिछाई मोड़ के पास पहुंची, तभी अचानक सामने एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया।

लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में इलाज के दौरान दोपहर करीब 3 बजे 7 साल की मासूम रिजा अंसारी ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक खबर से पूरे परिवार में मातम छा गया।

हादसे में मां कमरजहां अंसारी का एक पैर फ्रैक्चर हो गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पिता रिजवान अंसारी का अस्पताल में इलाज जारी है।

             हादसे में मासूम रिजा की मौत हो गई।

एक परिवार जो गमी में शामिल होने जा रहा था, खुद गहरे दुख में डूब गया। मासूम रिजा की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)