सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किए जाने के आदेश के विरोध में शिवपुरी जिले के शिक्षकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। संयुक्त मोर्चा शिक्षक संघ के आह्वान पर जिलेभर के शिक्षक अमर शहीद तात्याटोपे स्मारक पार्क में एकत्रित हुए और वहां से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधीश की ओर से डिप्टी कलेक्टर मोतीलाल अहिरवार को सौंपा।
शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों की भर्ती मध्यप्रदेश शासन के राजपत्र और उस समय प्रभावी नियमों के अनुसार विधिवत की गई थी। ऐसे में वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर बाद में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य करना और दो वर्ष के भीतर परीक्षा पास न करने पर सेवा समाप्ति जैसा कठोर प्रावधान लागू करना न्यायसंगत नहीं है।
संयुक्त मोर्चा शिक्षक संघ ने मांग की है कि मध्यप्रदेश सरकार इस मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में रिव्यू पिटीशन दायर करे, ताकि शिक्षकों के हितों की रक्षा हो सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अन्य राज्यों की सरकारों ने भी शिक्षकों के हित में सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर कर अपना पक्ष रखा है।
यह ज्ञापन शासकीय शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राकेश दुबे, प्रांतीय शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष मनोहर प्रसाद दुबे और राज्य शिक्षक कांग्रेस के प्रांताध्यक्ष राकेश नायक के संयुक्त आह्वान पर सौंपा गया।
इस दौरान संयुक्त मोर्चा में शामिल जिलाध्यक्ष पवन अवस्थी, राजेंद्र पिपलौदा, कौशल गौतम, राजकुमार सरैया, स्नेह रघुवंशी, सुनील वर्मा, अमरदीप श्रीवास्तव, अवधेश श्रीवास्तव, जिला संयोजक विपिन पचौरी, अरविंद सरैया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।