शिवपुरी में महिला ने लात मारकर खुद को बचाया:खेत से लौट रही महिला पर सियार का हमला

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के जामखो गांव में रविवार शाम खेत से लौट रही एक महिला पर सियार ने हमला कर दिया। महिला ने बहादुरी से सियार का मुकाबला किया और खुद को उसके चंगुल से छुड़ाया। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जामखो गांव निवासी 40 वर्षीय राजकुमारी धाकड़ पत्नी दिनेश धाकड़ रविवार शाम अपने खेत से चना काटकर घर लौट रही थीं। नदी के पास झाड़ियों में छिपे एक सियार ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। सियार ने उनके एक पैर को अपने जबड़े में जकड़ लिया, जिससे वह दर्द से चिल्ला उठीं।

घटनास्थल पर उस समय कोई मौजूद नहीं था। राजकुमारी ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाते हुए अपने दूसरे पैर से सियार के मुंह पर लगातार लातें मारीं। कुछ देर के संघर्ष के बाद सियार ने उन्हें छोड़ दिया और जंगल की ओर भाग गया।

शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राजकुमारी को जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)