सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जनपद पंचायत क्षेत्र के कुंअरपुर गांव में सोमवार सुबह एक जंगली सुअर घर में घुस आया और उसने मां-बेटियों पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला सहित उसकी दो बेटियां घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार सुबह करीब 7 बजे चांद शाह के घर में हुई। उस समय घर में चांद शाह की पत्नी सुरेखा शाह (40) अपनी दो बेटियों मानो शाह (15) और आसमा शाह (10) के साथ मौजूद थीं। अचानक घर में घुसे जंगली सुअर ने पहले दोनों बेटियों पर हमला कर दिया।
बेटियों को बचाने आई मां भी हुई घायल
बेटियों की चीख-पुकार सुनकर मां सुरेखा शाह उन्हें बचाने के लिए आगे आईं, लेकिन सुअर ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में मां और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पिता ने लाठी से भगाया जंगली सुअर
घर में मौजूद चांद शाह ने शोर सुनते ही लाठी उठाई और जंगली सुअर से भिड़ गए। उन्होंने लाठी के सहारे सुअर को वहां से भगा दिया और अपने परिवार की जान बचाई।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घायल मां और दोनों बेटियों को एक लोडिंग वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का इलाज जारी है।